तवाघाट-लिपुलेख मार्ग मलबा आने से बंद

पिथौरागढ़ : तवाघाट-लिपुलेख मार्ग तीसरे दिन भी मलघाट के पास मलबा आने से बंद रहा। शनिवार रात की बारिश से बंद 26 मोटर मार्गों में से रविवार को दिन में धूप खिलने पर 15 मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं। थल-मुनस्यारी मार्ग डोर नर्सरी के पास घंटो बंद रहा। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग नहीं खुलने पर 20वें आदि कैलास यात्रा दल को वापस लौटा दिया गया है। 19वां दल बूंदी में फंसा है।तवाघाट- लिपुलेख मार्ग के तीसरे दिन भी बंद रहने से 19वां आदि कैलास यात्रा दल बूंदी में फंसा है। यात्रियों को हेलीकॉप्टर से धारचूला लाया जाना था परंतु सायं तक यात्री नहीं पहुंचे हैं। वहीं मार्ग बंद होने से नारायण आश्रम में रखे गए 20 वें दल के यात्रियों को वापस लौटा दिया गया है। तीन दिनों से डीडीहाट मेंं फसे 21 वां दल डीडीहाट से धारचूला को रवाना हुआ है। 22 वां दल पिथौरागढ़ पहुंचा है। दल को धारचूला जाना था परंतु मार्ग बंद होने से पिथौरागढ़ में ही रोक दिया गया है।इधर यात्रा संचालित करने वाली फर्म का केएमवीएन से समझौता भी समाप्त हो गया है। वहीं धारचूला में आपदा आयी है। इसके बाद भी फर्म दिल्ली से यात्रा दल भेज रहा है। स्थानीय जनता का कहना है कि यह यात्रियों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। बिना मुकम्मल व्यवस्था के यात्रियों को यात्रा में भेजने को गलत बताया जा रहा है। शनिवार की सुबह बंद 26 सड़कों में से अधिकांश सड़के खुल चुकी हैं । अभी भी नौ मोटर मार्ग बंद हैं।