फाइनेंस कंपनी के एजेंट को लूटने वाले गैंग की सरगना निकली महिला

सितारगंज : करीब दो महीने पहले माइक्रो फाइनेंस कपंनी के एजेंट को जंगल में तमंचा दिखाकर करीब दो लाख की नकदी लूटने वाले बदमाशों की सरगना कोई और नहीं, एक महिला है। इसी महिला ने अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट का ताना-बाना बुना था और पांच लोगों को अपने गैंग में शामिल कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था.पुलिस ने गुरुवार को महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से लूटी गई नकदी भी बरामद हुई है। सरगना महिला की गिरफ्तारी से पूर्व पुलिस प्रकरण में पांच आरोपितों को गिरफतार कर चुकी है।पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि 13 जुलाई को फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट अमन शर्मा से पांच लोगों ने झाड़ी मंदिर शक्तिफार्म के जंगल वाले रास्ते पर तमंचा दिखाकर 194814 रुपये लूट लिए थे। इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने वारदात में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से 80100 रुपये, तमंचा व तीन जिंदा कारतूस बरामद किये गये।पकड़े गए लुटेरों ने बताया था कि इस लूट की योजना गुरनाम कौर पत्नी मंगत सिंह व मंगल सिंह पुत्र गुरदास सिंह निवासी ग्राम तिलियापुर ने बनाई थी। बताया गया कि इन दोनों ने पांच आरोपियों को तिलियापुर बुलाया व कलेक्शन एजेंट के बारे में जानकारी देकर लूट की योजना बनाई थी। मंगल व गुरनाम के हिस्से में लूट के 22800 रुपये आये थे। अब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3550 रुपये बरामद किये।महिला और उसके साथी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक विनोद सिंह फत्र्याल, जगदीश तिवारी, चंदन सिंह, सोनिका जोशी, कांस्टेबल भारत भूषण, केशर सिंह, कुंदन सिंह शामिल रहे।