हरिद्वार पुलिस ने किया बदायूं से बच्चा चोर को गिरफ्तार

हरिद्वार। बस अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर लावारिस घूमने वाले बच्चों को चोरी कर बेचने वाले एक शातिर आरोपित को हरिद्वार पुलिस ने बदायूं उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर देहरादून व बदायूं में बेचे गए दो बच्चे भी बरामद किए गए हैं। एक बच्चे को गाजियाबाद और दूसरे को दिल्ली से चोरी किया गया था। पुलिस अब इन बच्चों के मां-बाप के बारे में जानकारी जुटा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को लक्सर की महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण और दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच की तो आरोपित मोहम्मद मुस्ताक कादरी निवासी सिरसौल पट्टी सीताराम बदायूं उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने पहले भी दो बच्चों को चोरी किए हैं, जिसको उसने एक देहरादून में और दूसरा बदायूं में बेचा था। दोनों बच्चों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। अब उनके माता-पिता की तलाश की जा रही है।