पुलिस ने लौटाई खुशियां, लापता हुई महिला को परिवार से मिलाया
पिथौरागढ़ : एक वर्ष पूर्व लापता हुई महिला की खोजबीन कर उम्मीद खो चुके छत्तीसगढ़ के एक परिवार की खुशियां पिथौरागढ़ पुलिस ने लौटा दी। पिथौरागढ़ के पर्यटन स्थल मोस्टामानू में भटक रही मानसिक रूप से कमजोर महिला को जब वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को दिखाया गया तो परिवार के सदस्यों की आंखों से आंसू छलक आए।छत्तीसगढ़ का यह परिवार महिला को लेने रवाना हो चुका है। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से आठ किमी दूर मोस्टामानू में बीती रात एक महिला को भटकते हुए लोगों ने देखा। महिला पर्वतीय क्षेत्र की नहीं लग रही थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हाइवे पेट्रोल यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची। यूनिट में शामिल पुलिस जवानों ने महिला से पूछताछ की तो वह अपने बारे में कुछ नहीं बता सकी।सुरक्षा की दृष्टि से महिला को कोतवाली स्थित बाल थाने में लाया गया, जहां महिला आरक्षी शांति मेहता और रेखा ने उससे घुलमिलकर बातें की तब पता चला कि महिला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के रहने वाली है। पुलिस ने तत्काल छत्तीसगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया। गुमशुदगी की दर्ज रिपोर्ट देखी गई तो महिला का विवरण धर्मजयगढ़ से एक वर्ष पूर्व लापता हुई महिला से मेल खा गया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने महिला के परिजनों का नंबर पिथौरागढ़ पुलिस को दिया।पिथौरागढ़ पुलिस ने महिला के परिजनों को वीडियो कॉल किया। महिला के पति हबल सिंह राठिया ने अपनी पत्नी विमला राठिया को पहचान लिया। हबल ने बताया कि विमला एक वर्ष पूर्व घर से लापता हो गई थी, तमाम जगहों पर उसकी खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराकर सुरक्षा की दृष्टि से उसे वन स्टाप सेंटर में रखा है। जरूरी कार्रवाई के बाद विमला को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
