हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद धरने पर बैठे पीड़िता के माता-पिता
ऋषिकेश : वनंतरा रिजार्ट की महिला कर्मचारी की हत्या के मामले में उच्च न्यायालय नैनीताल में सुनवाई के बाद उनके माता-पिता ऋषिकेश पहुंचे और मंगलवार को धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों से बेटी को न्याय दिलाने के लिए सीबीआइ की जांच की मांग को प्रमुखता के साथ उठाने का आह्वान किया।युवती माता-पिता ने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए राज्य आंदोलनकारियों की ओर से किए जा रहे प्रयास के लिए वह शुक्रगुजार हैं। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक ओर पीड़ित को न्याय दिलाने की बात करते हैं दूसरी और हकीकत इसके उलट है।40 दिन से ऋषिकेश में धरना और छह दिन से बेमियादी अनशन चल रहा है लेकिन सरकार इसकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में अनशनकारी शकुंतला रावत के साथ अमानवीय व्यवहार की वह निंदा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकरण में एसआइटी भी दबाव में है। इसलिए इस मामले की सीबीआइ जांच होनी चाहिए।प्रदर्शनकारियों ने राज्य बनने के बाद लगातार बढ़ रहे महिला उत्पीड़न के मामलों पर रोक लगाने के लिए सरकार से कड़ा कानून बनाने की मांग की। यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री मोहन सिंह असवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील चौक पर एकत्रित हुए। यहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे।
