पंजाबी समाज ने मनाया लोहड़ी महोत्सव
खटीमा। ‘सुंदर मुंद्रीय तेरा कौन विचारा दुल्ला भट्टी वाला…’, ‘दुलेह दी डीह विआही सेर शक्कर पाई चतुरी कुटें…’ गीतों के साथ लोहड़ी पर्व की धूम मच गई। पंजाबी महासभा की ओर से आयोजित लोहड़ी महोत्सव समाज की महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में पंजाबी समाज में जन्मी बेटियों, नवविवाहिता एवं उत्तराखंड के खटीमा निवासी गायक शेरी सिंगर दीपक बिष्ट को महासभा की ओर से स्मृति चिह्न एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।मेलाघाट रोड स्थित एक बरातघर में आयोजित लोहड़ी महोत्सव का शुभारंभ लोहड़ी प्रज्ज्वलित कर जलती आग की परिक्रमा के साथ किया गया। परिक्रमा के साथ ही महिलाओं ने ‘सुंदर मुंद्रीय तेरा कौन विचारा दुल्ला भट्टी वाला…’, ‘दुलेह दी डीह विआही सेर शक्कर पाई चतुरी कुटें…’ और ‘चाचा चूड़ी कुत्ते गुड-गुड भोले लाये एक भोला रह गया, सिपाही फड़के ले गया सिपाही ने मारी ईंट चाहे रो चाहे पीट…’ के बोल गाए गए। लोहड़ी का प्रसाद मूंगफली, रेवड़ी और भूनी मक्का का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि फाइबर्स के सीएमडी डॉ. राकेश रस्तोगी ने आयोजक मंडल को बधाई देते हुए कार्यक्रम की सराहना की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में पूर्व सभासद अनिल बत्रा, किसान आयोग उपाध्यक्ष सरदार राजपाल सिंह, गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी प्रधान कुलवंत सिंह, मझोला सोसायटी अध्यक्ष जसविंदर सिंह पप्पू, समाजसेवी राजेश छाबड़ा, सरदार जनक सिंह, रवीश भटनागर व सतीश गोयल ने विचार व्यक्त किए।
