युवक को पुलिस ने 105 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया

हल्द्वानी। कबाड़ का काम वाले एक युवक को काठगोदाम पुलिस ने 105 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। स्मैक यूपी के बदायूं जिला स्थित बिनावर से खरीदकर लाई जा रही थी। पर्वतीय क्षेत्र में बिक्री के लिए जाते समय काठगोदाम पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया है। हल्द्वानी पुलिस नशा तस्करी पर जितनी पाबंदी लगाने की कोशिश कर रही है तस्करी का कारोबार उतना ही बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की देर शाम काठगोदाम पुलिस कैनाल रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान फुटपाथ पर पैदलप चल रहा एक युवक पुलिस को देखते ही हड़बड़ाया और रोड पार करने लगा।पूछताछ में युवक ने खुद को यूपी के बदायूं जिला स्थित बिनावर के गांव ओझा का रहने वाला सग्गन बताया। बताया कि वह हल्द्वानी में लंबे समय से रहकर कबाड़ का काम कर रहा है। तलाशी लेने पर उसके बैग से 105 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पूछताछ की गई तो सग्गन ने बताया कि स्मैक उसने अपने गांव के ही रहने वाले एक तस्कर से खरीदी थी। माल की डिलीवरी बरेली रोड स्थित देवचरा इलाके में हुई थी। स्मैक पर्वतीय क्षेत्रों में ले जाई जा रही थी। तस्कर को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।