उत्तराखंड परिवहन निगम ने हमसफर एप लांच किया

देहरादून: देहरादून के पर्वतीय व ग्रामीण डिपो, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की व कोटद्वार डिपो में सभी चालकों के मोबाइल में हमसफर एप डाउनलोड करा दिया गया है. एप की खासियत यह है कि अगर बस चलाते हुए चालक को तीन सेकंड की झपकी आई तो अलार्म बजने लगेगा। बस की गति सीमा की भी यह निगरानी करेगा और इससे निगम प्रबंधन को पल-पल की जानकारी मिलती रहेगी।संचालन के दौरान पूर्व में परिवहन निगम की बसों के ऐसे कई मामले सामने आए, जब चालक के झपकी लेने से दुर्घटना हुई और यात्रियों की जान दांव पर लग गई। परिवहन निगम ने भविष्य में इस खतरे को कम करने के लिए एक स्टार्टअप कंपनी के माध्यम से हमसफर एप बनाया है।निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन ने सभी चालकों को अपने स्मार्ट फोन में इस एप को डाउनलोड करने के आदेश दिए हैं। बस कितनी गति से चल रही है, इसकी जानकारी लगातार एप के माध्यम से निगम को मिलती रहेगी। हमसफर एप से चालक की हर हरकत पर नजर रहेगी। संचालन के दौरान उसकी वर्दी से लेकर बस संचालन की पूरी जानकारी एप के माध्यम से परिवहन निगम प्रबंधन को मिलती रहेगी।अगर किसी चालक की रेटिंग लगातार गिरेगी तो निगम इसे गंभीरता से लेकर चालक के विरुद्ध कार्रवाई भी करेगा। महाप्रबंधक ने बताया कि देहरादून के पर्वतीय व ग्रामीण डिपो, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की व कोटद्वार डिपो में सभी चालकों के मोबाइल में हमसफर एप डाउनलोड करा दिया गया है जबकि बाकी डिपो में अगले 15 दिन के भीतर सभी चालक को इससे लैस कर दिया जाएगा।