जागेश्वर मंदिर के आसपास मास्टर प्लान तैयार होने तक नहीं होंगे बड़े निर्माण कार्य

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा डीएम वंदना सिंह ने कहा कि जागेश्वर मंदिर के आसपास मास्टर प्लान तैयार होने तक कोई बड़े निर्माण कार्य नहीं होंगे। साथ ही जल्द ही मंदिर समिति की भूमि पर हुए अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। जल्द ही जागेश्वर मंदिर का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। डीएम ने मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की।कलक्ट्रेट में डीएम वंदना सिंह की अध्यक्षता में हुई जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि वहां तैनात सभी कर्मचारियों की बायोमेट्रिक से उपस्थिति दर्ज होगी। निर्धारित समय तक हर कर्मचारी वहां तैनात रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों के खिलाफ श्रद्धालुओं से पर्ची काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंदिर सिमिति के नाम का सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने कहा कि मंदिर समिति की भूमि की पैमाइश कर उसकी मार्किंग होगी। कहीं भी अवैध कब्जा मिलने पर उसे हटाकर ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पर्यटन सीजन को देखते हुए जागेश्वर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष ज्योत्सना पंत, एसडीएम भनोली गोपाल सिंह चौहान, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।