नए पार्कों के निर्माण को युद्धस्तर पर लागू करने के निर्देश

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की 113वीं बोर्ड बैठक में लिए गए अहम निर्णय

देहरादून। देहरादून के सुनियोजित विकास, पर्यावरण संतुलन और आधुनिक सुविधाओं को गति देने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की 113वीं बोर्ड बैठक में अहम निर्णय लिए गए। आयुक्त गढ़वाल मंडल एवं प्राधिकरण अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए लगभग रुपए 968 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी गई। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ कुल 48 प्रस्तावों पर चर्चा कर नियमानुसार मंजूरी दी गई, जिससे शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही ईको-रिजॉर्ट, होटल, व्यावसायिक निर्माण और आवासीय मानचित्र जैसे प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने से पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। भवन निर्माण एवं विकास उपविधि 2011 (संशोधित) को भी अधिसूचना के अनुरूप लागू कर पारदर्शिता और सुव्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नए पार्कों के निर्माण को युद्धस्तर पर लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। डिवाइडरों पर हरियाली बढ़ाने, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यक उपकरणों की खरीद जैसे फैसले शहर को स्वच्छ, हरित और रहने योग्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply