पुलिस की सतर्कता से बची ज़िंदगी नदी में कूदने जा रही महिला को समय रहते बचाया
चमोली। एक ओर परिजनों की बढ़ती चिंता, दूसरी ओर समय के साथ गहराता संकट, ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता एवं मानवीय संवेदनशीलता ने आज एक अप्रिय घटना को होने से टाल दिया। चौकी प्रभारी ग्वालदम अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण नेगी द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग को सूचना दी गई कि थाना थराली क्षेत्र की एक महिला बिना बताए अपने घर से कहीं चली गई थी। जिसकी सूचना आज परिजनों द्वारा थाना थराली को दी गयी। महिला का व्हाट्सएप घर पर मौजूद एक मोबाइल फोन में लॉगिन था, जिसमें उनके नदी में कूदकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने संबंधी मैसेज प्राप्त हो रहे है। मामले की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला के माध्यम से महिला की मोबाइल लोकेशन का लगातार अनुश्रवण किया गया। दूसरी ओर पुलिस टीमें संभावित क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन एवं आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग में जुटी रहीं। इसके साथ ही नदी किनारों पर भी टीम द्वारा खोजबीन शुरू की गयी, समय के साथ मामला और अधिक संवेदनशील होता जा रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा तकनीकी निगरानी एवं जमीनी स्तर पर तलाश अभियान को लगातार जारी रखा गया।
लगातार प्रयासों के फलस्वरूप महिला की लोकेशन सिमली क्षेत्र के पड़ूली गांव के नीचे पिंडर नदी किनारे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना विलंब किए मौके पर पहुंची। जहां महिला नदी के किनारे अकेली रोते हुए एवं गहरे मानसिक तनाव की स्थिति में खड़ी मिली। परिस्थितियों को देखते हुए किसी भी समय कोई अप्रिय घटना घटित होने की आशंका बनी हुई थी।
ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में पुलिस कर्मियों ने धैर्य, सूझबूझ एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला से संवाद स्थापित किया। काफी देर तक उसे समझाया-बुझाया गया, उसका मनोबल बढ़ाया गया तथा भरोसा दिलाया गया कि उसकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। पुलिस के सतत प्रयासों एवं सकारात्मक संवाद के परिणामस्वरूप महिला को सुरक्षित नदी किनारे से हटाकर पुलिस संरक्षण में लिया गया तथा सकुशल कोतवाली कर्णप्रयाग लाया गया।
पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से एक अप्रिय घटना होने से टल गई। कोतवाली कर्णप्रयाग में महिला को उचित काउंसलिंग के उपरान्त थाना थराली पुलिस एवं परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
