अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन के द्वारा निरंतर की जा रही है कार्यवाही
जिलाधिकारी के निर्देशन में हटाया जा रहा है अवैध अतिक्रमण
हरिद्वार, 18 सितंबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन एवं सतत कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज नगर मजिस्ट्रेट श्री हर गिरि के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज क्षेत्रांतर्गत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिला प्रशासन,नगर निगम की टीम एवं पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे और सम्पूर्ण कार्यवाही में सहयोग प्रदान किया।
अतिक्रमण अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर के बाहर सड़क, फुटपाथ एवं पटरी पर अवैध रूप से लगाए गए खोखों तथा अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की टीम द्वारा अवैध खोखों एवं पटरी दुकानों को हटाने की कार्यवाही की गई, वहीं पुलिस बल की उपस्थिति में यह अभियान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सड़क मार्ग एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाना तथा आगामी कुंभ मेले के सुव्यवस्थित एवं सुचारु संचालन हेतु यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा प्रशासन द्वारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर क्षेत्र में यातायात सुगमता एवं श्रद्धालुओं/यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अभियान संचालित किया गया, जिसमें सड़क एवं फुटपाथ पर अस्थायी रूप से लगे अवैध खोखों, पटरी दुकानों तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया, ताकि आमजन एवं यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनज़र यह अभियान नगर निगम एवं पुलिस बल के सहयोग से आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि शहर के प्रमुख मार्ग, फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थल अतिक्रमण मुक्त रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
