महाराजा भागीरथ प्रतिमा विवाद, शिलापट्ट भी उखाड़ा, मौके पर पुलिस बल तैनात

हरिद्वार। रविवार देर शाम जिले के लक्सर में रुड़की तिराहे पर महाराजा भागीरथ की प्रतिमा को लेकर चल रहा विवाद बढ गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने खानपुर विधायक उमेश कुमार द्वारा लगवाया गया शिलान्यास पत्थर मौके से उखाड़ कर हटा दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही विधायक समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर तनातनी की स्थिति बन गई। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और माहौल को शांत कराया। सोमवार को भी इस मामले को लेकर पुलिस पूरी तरह से सर्तकता बरत रही है।
बताया जा रहा है कि रुड़की तिराहे पर सौंदर्यीकरण का कार्य खानपुर विधायक उमेश कुमार की ओर से कराया जा रहा है। इसी सौंदर्यीकरण के तहत दो साल पहले विधायक ने महाराजा भागीरथ की प्रतिमा लगवाई थी, जिसका अनावरण उनकी पत्नी सोनिया शर्मा ने किया था। पिछले हफ्ते सौंदर्यीकरण के दौरान ठेकेदार द्वारा इस प्रतिमा को बिना विधि-विधान के हटा दिया गया था, जिस पर विधायक उमेश कुमार ने खुद नाराजगी जताई थी। इसके बाद नई प्रतिमा लगाने की कवायद शुरू हुई।
इसी बीच रविवार देर शाम कुछ लोग रुड़की तिराहे पर पहुंचे और वहां लगा खानपुर विधायक उमेश कुमार के नाम का शिलान्यास पत्थर उखाड़ दिया। शिलान्यास पत्थर उखाड़ने वाले लोगों का कहना है कि जब पुरानी प्रतिमा जो विधायक ने लगवाई थी, वह खंडित हो गई है और उसे हटा दिया गया है, तो अब वहां विधायक के नाम का पत्थर क्यों रहेगा।
वहीं जिन लोगों शिलान्यास पत्थर उखाड़ा है, उनका कहना है कि अब वे समाज के लोगों से चंदा इकट्ठा करके अपने निजी खर्च पर महाराजा भागीरथ की नई और भव्य प्रतिमा स्थापित करेंगे। ऐसे में किसी नेता के नाम का शिलान्यास पत्थर वहां नहीं रहने दिया जाएगा। समाज के लोगों ने हटाए गए शिलान्यास पत्थर को उठाकर सीधे लक्सर कोतवाली में जमा करा दिया और पुलिस को इस संबंध में तहरीर भी सौंपी।
दूसरी तरफ, घटना की जानकारी मिलते ही विधायक उमेश कुमार के समर्थक भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उनका कहना था कि रुड़की तिराहे पर सौंदर्यीकरण के लिए जमीन खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने ही उपलब्ध कराई थी और पूरा खर्च भी वही उठा रहे हैं। ऐसे में शिलान्यास पत्थर हटाना गलत है और मामले को बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। दोनों पक्षों के एक साथ मौके पर आ जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया और बहसबाजी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लक्सर कोतवाली के एसएसआई राजेश बिष्ट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और भीड़ को हटाया। एसएसआई राजेश बिष्ट ने बताया कि रुड़की तिराहे पर प्रतिमा को लेकर कुछ लोग एकत्र हुए थे और शिलान्यास पत्थर हटाने को लेकर कहासुनी हुई थी। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया गया है. यदि कोई पक्ष नहीं मानता है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तिराहे पर पुलिस की निगरानी बनी हुई है।

Leave a Reply