उत्तराखंड में चुनावी तैयारी में जुटी लोक जनशक्ति पार्टी
हरिद्वार। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), उत्तराखंड की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सोमवार, 23 नवंबर को आर्य इंटर कॉलेज, बहादराबाद में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी मणि शंकर पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों के साथ संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी मणि शंकर पांडे ने कहा कि उत्तराखंड में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। पार्टी आगामी चुनावों में प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने और जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश देते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रत्येक बूथ एवं गांव तक पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से पार्टी उत्तराखंड में एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
