कार से 19 पेटी शराब बरामद

अल्मोड़ा : पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान वाहन में अवैध तरीके से रखी गई 19 पेटी शराब बरामद की। अभियान के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। आरोपित पर आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं पर कार्रवाई की गई है।बीते शनिवार की देर रात लमगड़ा पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। अभियान के दौरान पौधार मेरधुरा क्षेत्र में वाहन सं. यूपपी02डी- 3565 मारुति 800 कार गुजरी। पुलिस ने उसे रोका। निरीक्षण करने से पहले ही वाहन चालक गाड़ी को छोड़कर भाग गया। जब गाड़ी की चेकिंग की गई तो उसमें 19 पेटियों में 228 शराब की बोतल बरामद हुई।शराब की देशी मसालेदार बोतलों की कीमत 72,960 रु. आंकी जा रही है। फरार चालक मनोज कुमार निवासी ढौरा बताया जा रहा है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।यह शराब अवैध तरीके से लाई जा रही थी। शराब कहां पहुंचाई जानी है इसका खुलासा आरोपित के पकड़े जाने के बाद ही होगा। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी मोरनौला संजय जोशी, देवराज सिंह, मनोज कोहली, दीपक मेहरा, यशवंत सिंह मौजूद थे।