केदारनाथ हेलीकाप्टर दुर्घटना पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी, मुख्यमंत्री धामी ने किया दुख व्यक्त

देहरादून । केदारनाथ धाम के करीब हुए हेलीकाप्टर दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं का निधन हो गया। इस हादसे में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुखद बताया। साथ ही हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं हैं। उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के करीब हेलीकाप्टर क्रैश मामले में श्रद्धालुओं के निधन पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने ट्वीट किया, जिसमें लिखा, ‘केदारनाथ धाम के पास हुए हेलीकाप्टर दुर्घटना में पायलट सहित कई तीर्थयात्रियों के निधन का समाचार बहुत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।’ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी हादसे पर दुख प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘केदारनाथ के समीप गरुड़ चट्टी में दुर्भाग्यपूर्ण हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत और बचाव कार्य हेतु एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। इस दु:खद घटना के विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए है।’