छठ महापर्व को लेकर छठ पूजा स्थल पर सभी तैयारियां पूरी
हल्द्वानी : छठ महापर्व को लेकर रामपुर रोड स्थित छठ पूजा स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को इस संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें छठ पूजा स्थल की साफ सफाई, पूजा स्थल को व्यवस्थित करने और रंगाई-पुताई करना के कार्यों पर चर्चा हुई।छठ सेवा समिति के उपाध्यक्ष शंकर भगत ने बताया कि साफ सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है, पानी की व्यवस्था भी दुरुस्त कर ली गई है। 28 अक्टूबर को नहाय खाय, 29 अक्टूबर को खरना (मीठी खीर) की परंपरा निभाई जाएगी।30 अक्टूबर को डूबते और 31 अक्टूबर को उगते हुए सूरज को अघ्र्य दिया जाएगा। जिसके साथ ही प्रसाद वितरण होगा। बैठक में अध्यक्ष कृष्णा साह, कोषाध्यक्ष वीरू पंडित, जसवंत सिंह, ओम प्रकाश, जयप्रकाश, कपिल भगत, ईश्वर सिंह, कश्मीरा सहानी, मनोज कुमार, हरेन्द्र साह आदि मौजूद रहे।पूजा करने वालों को घाट पर किसी तरह की असुविधा न हो इसको लेकर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। घाट पर बेदियों की संख्या पूर्ववत रखी गई है। नगर निगम के सहयोग से स्ट्रीट लाइट लगा दी गई है। पेयजल कनेक्शन भी लगा है। महिलाओं को सुविधा हो, इसके लिए घाट पर चेंजिंग रूम भी बनने जा रहा है। मेयर डा. जोगेंद्र रौतेला ने नहर की सफाई कराने की बात कही है। समिति ने मेयर रौतेला व पार्षद नीरज बगडवाल का आभार जताया।बिहार व पूर्वांचली समाज के सैकड़ों परिवार हल्द्वानी व आसपास के इलाकों में रहकर कारोबार करते हैं। कई लोगों ने यही पर घर भी बना लिए हैं। छठ महापर्व में बहते पानी में खड़े होकर डूबते व उगते सूर्य को अघ्र्य दिया जाता है। पूजा घाट पर उत्सव जैसा माहौल रहता है।छठ पूजा में केले के पत्ते, हल्दी, अदरक आदि की जरूरत भी रहती है। घाट पर केले, हल्दी, अदरक, तुलसी और इलायची आदि के पौधे लगाए गए हैं। घाट सुंदर नजर आए, इसके लिए किनारों पर फूल भी लगाए जा रहे। मजदूर लगाकर नहर से गाद निकालकर पूजा स्थल को समतल कराया जा रहा है।
