आज धनतेरस मना रहे लोग, दीपावली कल, पूजा का शुभमुहूर्त जाने
हल्द्वानी : ज्योतिष पंचांग के मुताबिक धनतेरस दो दिन यानी 22 व 23 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। धनतेरस पर दोहरे मुहूर्त से बाजार में सुबह से ही चहल पहल बढऩे लगी है। शनिवार को दिनभर बर्तन, इलेक्ट्रिक, कपड़े सहित अन्य दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतार लगी रही।धनतेरस की शुरुआत 22 अक्टूबर की शाम छह बजकर दो मिनट पर हो गई है और समापन 23 अक्टूबर को शाम छह बजकर तीन मिनट पर होगा। कुमाऊं में मुख्य रूप से धनतेरस 23 अक्टूबर को मनाया जाएगा। ऐसे में व्यापारियों ने आज अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जताई है।श्री महादेव गिरि संस्कृत महाविद्यालय देवलचौड़ के प्राचार्य व ज्योतिषाचार्य डा. नवीन जोशी ने बताया कि दीपावली के दिन यानी कि 24 अक्टूबर को सायं काल अमावस्या तिथि आरंभ होगी। इस बार चित्रा नक्षत्र में वृष लग्न में महालक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त है।प्रदोष काल निशीथ व महानिशीथ काल में माता महालक्ष्मी का पूजन करने से स्थिर धन धान्य की प्राप्ति होगी। सायंकाल 6 बजकर 50 मिनट से 8 बजकर 50 मिनट तक अतिशुभ मूहूर्त है। रात्रि में 9 बजकर 30 मिनट से 12 बजकर 50 मिनट तक महानिशीथ काल में तंत्र साधना पूजन के लिए उत्तम समय रहेगा।बर्तन बाजार व ज्वेलर्स की दुकानों में अधिक रौनक रही। बाइक, मोबाइल, जेवर, फर्नीचर व इलेक्ट्रानिक सामान की खरीद पर लोगों का रुझान दिखाई दिया। धनतेरस को लेकर मोबाइल और बाइक की धूम मची हुई है। दोपहिया वाहनों की बुकिग का सिलसिला पिछले एक सप्ताह से चल रहा था, ज्यादातर ग्राहकों ने शनिवार को वाहन खरीदा। इसके साथ ही मां लक्ष्मी व गणेश की इलेक्ट्रानिक मूर्तियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। दीपावली की तैयारी को लेकर धनतेरस को ही मिट्टी के दीए व मूर्तियां लोगों ने खरीदे। ज्वेलरी की दुकानों पर भी खरीददारों की भीड़ रही।
