दिन-रात के तापमान में भारी अंतर, स्वास्थ्य की दृष्टि से चिंताजनक

देहरादून : उत्तराखंड में जैसे-जैसे दिसंबर बीत रहा है, वैसे-वैसे न्यूनतम तापमान सामान्य के काफी नीचे चल रहा है। इसके उलट प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन में चटख धूप खिल रही है और अधिकतम तापमान सामान्य या उससे अधिक दर्ज रहा है।दिन और रात में मौसम के इस विपरीत बर्ताव से अधिकतम व न्यूनतम तापमान के बीच भारी अंतर उत्पन्न हो रहा है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से चिंताजनक है। चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में चटख धूप और रात में कड़ाके की ठंड खासकर बुजुर्गों व नौनिहालों की सेहत पर भारी पड़ सकती है।ऐसे में तापमान में सामान्य से अधिक अंतर को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी सोमवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। केंद्र ने बुजुर्गों और बच्चों की सेहत को लेकर बेहद सतर्क रहने का सुझाव भी दिया है।रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन और रात (अधिकतम व न्यूनतम) के तापमान में 18 से 22 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर दर्ज किया गया।सबसे अधिक 22.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर ऊधमसिंह नगर जिले में देखा गया, जोकि पिछले पांच वर्ष में दिसंबर में प्रदेश के किसी हिस्से में दिन-रात के तापमान में सबसे बड़ा बदलाव है। इससे पहले 16 दिसंबर 2017 को ऊधमसिंह नगर में ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 22.3 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया था।देहरादून का हाल भी ऊधमसिंह नगर जैसा ही रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया तो न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। इस तरह दिन और रात के तापमान में 20.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर आ गया।ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मुक्तेश्वर जैसे पर्वतीय क्षेत्र में भी इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 13.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।