दो पक्षों के बीच संघर्ष, फायरिंग व पथराव में कई घायल
मंगलौर : मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के घोसीपुरा गांव में चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। जमकर पथराव एवं गोलीबारी हुई।एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना है। वहीं मौके पर कई थानों की पुलिस एवं पीएसी पहुंच गई है। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है। घोसीपुरा गांव में पंचायत चुनाव के बाद से दो पक्षों के बीच तनातनी चली आ रही है। चार दिन पहले भी ग्राम पंचायत की बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच हो गई थी।बाद में मामला कोतवाली पहुंचा। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इसी बीच रविवार की शाम दोनों पक्ष नमाज पढ़ने के बाद रास्ते में आपस में भिड़ गए।मामले के बाद पुलिस ने दो लोगों को नामजद तथा 50 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को मौके से एक तलवार और टोपी जूते चप्पल आदि बरामद हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से 50 से अधिक लोग एक दूसरे पर पथराव कर रहे थे।पुलिस को देख कर दोनों पक्ष के आरोपित मौके से भाग निकले थे, पुलिस को मौके से जूते चप्पल टोपी और एक तलवार मिली है। उप निरीक्षक भगत दास की तहरीर पर पुलिस ने वर्तमान प्रधान जावेद और प्रधान प्रत्याशी हाकम के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है।पहले हाथापाई हुई और फिर लाठी-डंडे लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। पहले तो हवाई फायरिंग हुई।इसके बाद एक दूसरे के घरों पर फायरिंग कर दी। इससे गांव में भगदड़ मच गई। इस दौरान रियाजुल, अहसान, हारून समेत चार लोग जख्मी हो गए। एक व्यक्ति को गोली भी लगी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है।वहीं डीआइजी की बैठक से एसएसपी ने सीओ मंगलौर पंकज गैरोला को भी पीएसी के साथ मौके पर रवाना किया। पुलिस ने गलियों में खड़ी भीड़ को लाठियां फटकार कर तितर-बितर किया। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि गोली चली है और एक व्यक्ति को गोली लगी है। गांव में फिलहाल शांति है।
