फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक ही भूमि को तीन बार बेचा
देहरादून : पौंधा में भूमाफिया ने एक ही भूमि को फर्जी दस्तावेजों से तीन बार बेच दिया। अब प्रेमनगर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन सगे भाइयों समेत सात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।प्रेमनगर थानाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने बताया कि वसंत विहार के हरबंसवाला निवासी रमेश चंद आर्य ने एसएसपी कार्यालय में धोखाधड़ी की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार अगस्त 2021 में उन्होंने पौंधा में तीन सगे भाइयों प्रदीप कुमार, विजय कुमार और सुनील कुमार से भूमि खरीदी थी।आरोप है कि रजिस्ट्री के नाम पर तीनों ने शुरुआत में टालमटोल की और फिर एक भाई को बीमार बताकर रजिस्ट्रार को घर बुलाकर रजिस्ट्री करा दी। जब रमेश आर्य भूमि पर चहारदीवारी कराने पहुंचे तो पूजा तलवार नाम की महिला भूमि पर हक जताने पहुंच गई।इस पर रमेश ने तहसील से भूमि के दस्तावेज निकलवाए तो पता चला कि भूमि को पहले ही प्रदीप कुमार के पिता अपने सहखातेदार के साथ मिलकर बेच चुके हैं। इसके अलावा भूमि को एक कंपनी को भी बेचा गया।थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित सुनील कुमार, प्रदीप कुमार और विजय कुमार के साथ उनके पिता के सहखातेदार विनोद कुमार, सतीश कुमार, शास्त्री लाल और जमिलाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
