कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया फ्लो बाजार का उद्घाटन

देहरादून, 16 अक्टूबर। फिक्की लेडीज ऑर्गनाइजेशन ने आज दो दिवसीय फैशन और लाइफस्टाइल उत्सव फ्लो बाजार के सातवें संस्करण का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और रीवा की राजकुमारी मोहिना कुमारी सिंह द्वारा राजपुर रोड स्थित होटल अकेता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन समारोह के साथ हुई, जिसके बाद दून हेरिटेज स्कूल के छात्रों द्वारा मनमोहक गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। अपने सम्बोधन के दौरान, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी उपस्थित लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और आज की दुनिया में महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सेना में लड़ाकू पायलटों और सैनिकों के रूप में सेवारत महिलाओं का उदाहरण देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।