मानस खंड को लेकर पीएम के ट्वीट और दुनिया मे उत्सुकता का मतलब प्रयास सफल : भट्ट
देहरादून 16 अक्तूबर। भाजपा ने कहा है कि पीएम के ट्वीट और जन उत्साह बताता है कि हमारी सरकार का मानसखंड को लेकर किया प्रयास सफल हो रहा है। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने श्री बद्री केदार के उपरांत मानसखंड को पर्यटन की मुख्यधारा में आने को मुख्यमंत्री धामी के अथक प्रयासों का परिणाम बताया है। पिथौरागढ़ दौरे से लौटे श्री भट्ट ने पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे के अनुभव मीडिया से हुई अनौपचारिक बातचीत में साझा करते हुए कहा, इस ऐतिहासिक दौरे की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमारे वहां से लौटने से पहले ही दुनिया भर से रिकॉर्ड संख्या में लोगों ने उत्सुकता जतायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वभाव के अनुरूप जितनी श्रद्धा, आस्था और विश्वास के साथ आदि कैलाश, पार्वती कुंड, जागेश्वर धाम के दर्शन किए और अपने संबोधन में यहां के पावन स्थलों का जिक्र किया उसने इन धामों की दिव्यता और भव्यता को पहले से अधिक चर्चा का विषय बना दिया है। वह जितनी आत्मीयता से जोलिकोंग एवं अन्य स्थानों पर सैनिकों और स्थानीय लोगों से मिलें और उनकी संस्कृति और परम्पराओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया, उसका शानदार नतीजों में तब्दील होना तय है। पीएम मोदी की राज्य से लगाव की गंभीरता का अंदाजा, दौरे के तुरंत बाद आए उनके सोशल मीडिया पोस्ट को पढ़कर आसानी से लगाया जा सकता है। उनका श्री बद्री केदार धाम के साथ, पार्वती कुंड और जागेश्वर धाम को अपनी उत्तराखंड यात्रा का हालिया श्रेष्ठ स्थल बताना और प्राथमिकता देना स्पष्ट करता है कि बतौर देवभूमि के ब्रांड एंबेसडर वे अपने प्रयासों में जुट गए हैं।
