‘भूदेव’ मोबाइल एप के अधिक से अधिक उपयोग पर ज़ोर
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में भूकंप जैसी आपदाओं से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने अहम पहल की है। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘भूदेव’ मोबाइल एप के अधिक से अधिक उपयोग पर ज़ोर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने बताया कि यह एप भूकंप से कुछ सेकंड पहले अलर्ट देता है, जिससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच सकें। सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को अपने कार्यालयों में एप इंस्टॉल कराने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है। आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने बताया कि भूदेव एप में भूकंपीय गतिविधियों की जानकारी, इंटरेक्टिव मैप और आपात स्थिति में एसओएस के जरिए लाइव लोकेशन साझा करने की सुविधा उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वयं भूदेव एप इंस्टॉल करें और दूसरों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि आपदा के समय अधिक से अधिक लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
