प्रदेश सरकार के विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन
देहरादून। आज महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के तत्वावधान में कांवली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बल्लीवाला चौक, देहरादून में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, भारी किल्लत एवं अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदेश सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून सहित पूरे प्रदेश में गैस एजेंसियों की मनमानी चरम पर है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी से सीधे सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है और केवल होम डिलीवरी के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद आम उपभोक्ताओं को न्यूनतम 25 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि जिनके पास दो सिलेंडर हैं उन्हें 35 दिन तक और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 45 दिन तक गैस के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक और जनता के साथ अन्यायपूर्ण है।
डॉ. गोगी ने कहा कि गैस एजेंसियों और संबंधित तंत्र की मिलीभगत से कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे आम आदमी को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उसे महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले में मूकदर्शक बनी हुई है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी व्यवस्था के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी।
डॉ. गोगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, गैस की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम -संयोजक ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पुंडीर, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू भारती थे, इस अवसर पर मुख्य रूप से जगदीश धीमन, राजेश पुंढिर, संजय भारती, पार्षद अभिषेक तिवारी, अंजू भारती, धर्मेंद्र टीटू,अरुण शर्मा, चरणजीत कौशल, अल्ताफ अहमद, राजीव चौधरी, रामकुमार थपलियाल, ट्विंकल अरोड़ा, पायल बहल, अनुराग गुप्ता, सूरज छेत्री, ललित बद्री, जसविंदर मूटी, हरजीत सिंह,सौरभ शर्मा, नितिन चंचल, मधु, कौशल्या,वीरेंद्र पंवार हेमंत मट्टा , आदर्श सूद , मनीष गर्ग, गुरनैन सिंह,पूनम गुप्ता, प्रीति गुप्ता, माया देवी, सरोज , हेमंत उप्रेती आदि मौजूद थे।
