16 दिसम्बर को आयोजित होगा विजय दिवस
पौड़ी। आगामी 16 दिसम्बर को आयोजित किये जाने वाले विजय दिवस के सम्बन्ध में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तैयारी बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने 1971 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्व में वीर सैनिकों के अदम्य साहस एवं वीरता, सैनिकों की भूमिका व राष्ट्रीय एकता स्मरण कराये जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को शहीद स्मारक/स्थल पर शहीदों की मूर्ति पर माल्यार्पण तथा उसमें 1971 युद्व से जुड़े सैनिकों के परिजनों का प्रतिभाग करवाने तथा पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑर्नर दिलवाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को ऑडिटोरियम सभागार में 1971 के शहीदों के परिजनों को प्रतिभाग करवाने, शहीद सैनिकों की वीरगाथा का बैकग्राउण्ड में स्क्रीन चलवाने, शहीदों के पारिवारिक सदस्यों को सम्मानित करने की तैयारी के निर्देश दिये। उन्होंने नगर पालिका को शहीद स्मारक में साफ-सफाई रखने के निर्देश भी दिए।
