मॉक ड्रिल- मसूरी रोपवे में ट्रॉली में फंसी जान, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू
देहरादून। देहरादून के मसूरी में रोपवे पर ट्रॉली फंसने की घटना की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। विगत वर्ष झारखण्ड राज्य के देवघर में त्रिकूट पहाड़ रोपवे हादसा अत्यंत दुखद था। उक्त दुर्घटना के उपरान्त अपने प्रदेश में इसप्रकार की घटनाओं के न्यूनीकरण हेतु समय समय पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाती रही है, जिसमे एसडीआरएफ द्वारा प्रतिभाग कर अपनी कार्यदक्षता एवम कुशलता को निरन्तर बढ़ाया जाता है। आज रोपवे मॉक ड्रिल मसूरी रोपवे पर आयोजित की गई।मॉक ड्रिल में एसडीआरएफ द्वारा अन्य बचाव इकाइयों जैसे-सिविल पुलिस, फायर सर्विस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग इत्यादि के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास किया गया। एसडीआरएफ टीम के जवानों द्वारा रोप रेस्क्यू की विभिन्न तकनीकों का प्रयोग करते हुए रोपवे पर बीच में अटकी ट्रॉली तक अपनी पहुँच बनाई व ट्रॉली में सवार 04 लोगों को एक-एक रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य इस प्रकार की घटना में प्रतिवादन व पूर्व तैयारी करना था, जिससे ऐसी घटनाओं में कम से कम समय में त्वरित प्रतिवादन कर जान-माल की हानि का न्यूनीकरण किया जा सके साथ ही अन्य बचाव इकाईयों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू कार्य में निपुणता व कुशलतापूर्वक कार्य किया जा सके। विगत दिनों राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में सम्पन्न हुई घटना प्रत्योत्तर प्रणाली सम्बन्धी राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल में भी एसडीआरएफ टीमों द्वारा प्रतिभाग किया गया, जिसमें एनडीएमए के सदस्यों द्वारा एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की गई थी।
